नई दिल्ली। यमुनापार के कई इलाकों में सड़क किनारे जमा कूड़े के ढेर लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गए हैं। खुले में पड़े कूड़े से गंदगी फैल रही है और लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। मंडावली, सीमापुरी, गोकलपुरी, यमुना विहार और शास्त्री पार्क समेत अन्य कई इलाकों में सड़क किनारे कूड़े का ढेर जमा है। यहां घरेलू कचरे के साथ निर्माण सामग्री का मलबा भी फेंका जा रहा है। वहीं, यमुना विहार निवासी पवन ने बताया कि कई बार शिकायत करने के बाद भी कूड़ा समय पर नहीं उठाया जाता। इसके अलावा एक अन्य निवासी शुभम ने बताया कि गंदगी और जमा पानी के कारण मच्छरों की संख्या भी बढ़ रही है, जिससे बीमारियों का खतरा बना हुआ है। संवाद