गर्भवती महिलाओं और गंभीर मरीजों को मिलेगी राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजपुर झिरका।
शहर के सामान्य अस्पताल में जल्द ही फर्स्ट रेफरल यूनिट (एफआरयू) शुरू की जाएगी। इससे गर्भवती महिलाओं और गंभीर अवस्था में अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को बेहतर उपचार मिल सकेगा। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के डायरेक्टर आरएस ढिल्लों ने अस्पताल के निरीक्षण के दौरान यह जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न विभागों में स्वास्थ्य सुविधाओं, दवाइयों की उपलब्धता, साफ-सफाई और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से मरीजों को दिए जा रहे उपचार की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि अस्पताल आने वाले किसी भी मरीज को परेशानी नहीं होनी चाहिए। ढिल्लों ने कहा कि एफआरयू शुरू करने के लिए जरूरी उपकरणों, विशेषज्ञ डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। इससे आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय पर उपचार मिल सकेगा और दूसरे अस्पतालों में रेफर करने की जरूरत कम होगी। उन्होंने अस्पताल में साफ-सफाई बनाए रखने, डॉक्टरों की नियमित उपस्थिति और मरीजों के प्रति बेहतर व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शिकायत मिलने पर संबंधित कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।
फ़ोटो: एनएचएम डायरेक्टर आर एस ढिल्लों अस्पताल का निरीक्षण करते हुए