सूचना मिलते ही पुलिस की इमरजेंसी रेस्पांस व्हीकल मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया। सेक्टर-14 थाना पुलिस का कहना है कि मामले में किसी भी प्रकार की शिकायत नहीं दी गई है। शिकायत के आधार पर ही आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
पुलिस के अनुसार एक युवक अपने दोस्तों के साथ मंगलवार को सेक्टर-14 महिला कॉलेज के सामने स्थित क्लासिक डिलाइट कैफे में बर्थ डे पार्टी मनाने आया था। इस दौरान सभी ने कैफे में ही शराब पी। नशे में धुत होने के बाद इन दोस्तों में आपस में विवाद हो गया।
विवाद इतना बढ़ गया कि दोस्तों ने आपस में ही मारपीट शुरू कर दी और बर्थडे बॉय को बुरी तरह से पीटकर लहूलुहान कर दिया। कैफे के अंदर से शुरू हुआ ड्रामा सड़क पर आ गया। इस घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई। मौके पर पहुंची ईआरवी ने घायल को अस्पताल पहुंचाया और उसका इलाज शुरू कराया।
जिस वक्त यह ड्रामा हुआ उस वक्त पास ही ट्रैफिक पुलिसकर्मी भी मौजूद थे जिन्होंने नशे में धुत घायल को संभालने का प्रयास किया, लेकिन वह पुलिस के भी हत्थे नहीं चढ़ पा रहा था। पुलिस उसे जितना सड़क के बीच से हटाकर साइड लाने का प्रयास करती उतना ही वह सड़क के बीच जा रहा था। बाद में पुलिस ने ईआरवी के माध्यम से उसे अस्पताल भेज दिया।