संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। नेशनल हाईवे पर फर्जी आरटीओ अधिकारी बनकर गोशाला की गाड़ी छुड़वाने के नाम पर 24 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने दिल्ली निवासी गोसेवा ट्रस्ट संचालक की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। दिल्ली निवासी डॉ. टीआर मित्तल ने पुलिस को बताया कि वह एक गोसेवा ट्रस्ट के माध्यम से गोशाला का संचालन करते हैं। उनकी गोशाला की गाड़ी वृंदावन स्थित बांके बिहारी आश्रम में भंडारे का सामान छोड़कर दिल्ली लौट रही थी। गाड़ी खाली थी और उसमें केवल एक दूध की कैन रखी थी। इसी दौरान यूपी-हरियाणा कर्मन बॉर्डर के पास खुद को आरटीओ अधिकारी बताने वाले लोगों ने गाड़ी रोक ली। जांच में जून माह का टैक्स जमा न होने की बात सामने आने पर टैक्स तत्काल जमा करा दिया गया, लेकिन आरोपियों ने गाड़ी के कागजात और चालक का ड्राइविंग लाइसेंस अपने पास रख लिया। शिकायत के अनुसार आरोपियों ने चालक के मोबाइल से डॉ. मित्तल से बात कर गाड़ी छोड़ने के बदले 25 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। गाड़ी जब्त करने की धमकी देने के बाद उन्होंने एक क्यूआर कोड भेजा, जिस पर डॉ. मित्तल ने 24 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने फर्जी तरीके से रुपये वसूले। डीएसपी सुरेश भड़ाना ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।