ग्रेटर नोएडा। सेक्टर-चाई-1 स्थित एडब्ल्यूएचओ गुरजिंदर विहार में फ्लैट बेचने के नाम पर एक लेफ्टिनेंट कर्नल(सेवानिवृत्त) से करीब 61 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। कोर्ट के आदेश पर बीटा-2 कोतवाली पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है। लेफ्टिनेंट कर्नल के पद से सेवानिवृत्त शंभूनाथ ठाकुर का कहना है कि नवंबर, 2023 में उनकी मुलाकात रियल एस्टेट कारोबारी राजू शर्मा से हुई थी। ग्रेटर नोएडा में फ्लैट के लिए उसने उनकी मुलाकात समीना अहमद उर्फ डिम्पल और उसके सहयोगी सौरभ उर्फ मार्शल से कराई। समीना अहमद ने गुरजिंदर विहार स्थित अपना फ्लैट बेचने की बात कही। 6 नवंबर, 2023 को दोनों पक्षों के बीच 1.50 करोड़ रुपये में सौदा तय हुआ। हालांकि, कीमत बढ़ाने के बाद 15 जुलाई, 2024 को 1.73 करोड़ रुपये में एग्रीमेंट टू सेल किया गया। आरोपी महिला को पीड़ित ने लगभग 61,32,320 रुपये दे दिए, लेकिन न तो फ्लैट की रजिस्ट्री कराई और न ही पैसा लौटाए। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई है। ब्यूरो