दिल्ली सरकार ने बवाना स्थित दरियापुर गांव में विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस स्कूल तैयार किया है। मंगलवार को स्मार्ट क्लास रूम, लिफ्ट व चार मंजिला इमारत वाले इस स्कूल का शिक्षा मंत्री आतिशी ने निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने शिक्षा मंत्री को बताया कि स्कूल का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। बाकी कार्य दो से तीन हफ्ते में पूरा हो जाएगा, ताकि जल्द इस स्कूल में बच्चों के लिए पढ़ाई शुरू की जा सके।
स्कूल में 10 शानदार लैब, लाइब्रेरी, 250 बच्चों की क्षमता वाला एमपी हॉल भी बनाया गया है। आतिशी ने बताया कि नया स्कूल शिक्षा को लेकर सरकार की गंभीरता और प्राथमिकता का उदाहरण है। वर्ष 2015 से पहले स्कूलों का हाल किसी खंडहर से कम नहीं होता था, लेकिन आम आदमी पार्टी की सरकार ने शिक्षा को प्राथमिकता बनाया। इसका नतीजा है कि दिल्ली के गावों में भी शानदार सरकारी स्कूल बनाकर तैयार हो रहे हैं। उन्होंने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को निर्देश दिए कि जल्द स्कूल के अंतिम चरण के कार्य को पूरा करें, ताकि इसी सत्र से स्कूल में पढ़ाई शुरु हो सके।