-रविवार रात को हुई थी वारदात, पुलिसकर्मियों पर वीडियो बनाने के लगे आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के प्रीत विहार इलाके में रविवार रात रोड रेज के दौरान पुलिस की मौजूदगी में हुई मारपीट में पुलिस ने दोनों पक्षों के चार लोगों को गिरफ्तार किया है। जमानती धाराएं होने के कारण सभी को जमानत देकर रिहा कर दिया गया है। वहीं पूरे विवाद के वायरल वीडियो की पुलिस जांच कर रही है। वीडियो में दावा किया जा रहा है कि पुलिस की मौजूदगी में एक परिवार ने पीसीआर से डंडा निकालकर दूसरे परिवार पर हमला कर दिया। मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रीत विहार मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि विवाद की शुरुआत दो कारों के आमने-सामने आने के बाद हुई। आरोप है कि एक गाड़ी ने दूसरी को टक्कर मार दी। इसके बाद दोनों परिवार आपस में भिड़ गए। दोनों परिवारों ने एक दूसरे पर हमला कर दिया। इस बीच सूचना मिलने के बाद मौके पर पीसीआर पहुंच गई।