पत्नी से न मिलने देने पर बिजनेसमैन कुस मेहरा ने आईजीआई एयरपोर्ट पर सीआईएसएफ के सबइंस्पेक्टर विजय को पीट दिया।
आईजीआई एयरपोर्ट थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना सोमवार रात करीब एक बजे की है।
पंचशील पार्क निवासी प्रॉपर्टी बिजनेसमैन कुस मेहरा की पत्नी रुचि कनाडा जा रही थी। वह गेट नंबर आठ से एयरपोर्ट के अंदर चली गईं।
इसके बाद जब कुस रुचि से मिलने के लिए एयरपोर्ट के अंदर जाने लगा तो एसआई विजय ने उसे रोक दिया। इस पर आरोपी ने उससे मारपीट की।
विजय ने अन्य जवानों की मदद से आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार, मेडिकल जांच में आरोपी द्वारा शराब पीने की पुष्टि हुई है। इस घटना के बाद रुचि ने विदेश जाना रद्द कर दिया था।