पूर्वी दिल्ली। उत्तर-पूर्वी जिला की दयालपुर थाना पुलिस ने हत्या के मामले में पांच बदमाशों को पकड़ा है। इनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं। इनके कब्जे से चार चाकू बरामद हुए हैं। बदमाशों की पहचान नूरेन, अदनान और मोहम्मद सलमान के रूप में हुई है। उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त आशीष मिश्रा ने बताया कि 27 जुलाई को चाकू से हमले की शिकायत मिली। शिकायत के आधार पर मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता मोहम्मद फरहान ने बताया कि वह रात करीब 10:30 बजे अपने दोस्त समीर व अन्य के साथ चंदू नगर इलाके में घूम रहा था। इसी दौरान रास्ते में कुछ लड़कों ने समीर के साथ झड़प कर ली और चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास की सीसीटीवी फुटेज की जांच की। सूचना के आधार पर आरोपियों को इलाके से पकड़ा गया। संवाद