फरीदाबाद जिले में पहली बार लोग महिला फुटबाल प्रतियोगिता का लुत्फ उठाने जा रहे हैं।
प्रतियोगिता सेक्टर-12 स्थित खेल परिसर में 17 से 19 मई को आयोजित कराई जाएगी। इसका आयोजन यूनाइटेड महिला फुटबाल क्लब की तरफ से किया जा रहा है।
टूर्नामेंट में कितनी टीमें भाग लेंगी, अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है। आयोजकों के अनुसार फुटबाल क्लबों के अलावा, महिला पुलिस व यूनिवर्सिटी की टीमों को भी आमंत्रित किया जाएगा।
टूर्नामेंट में प्रतिभाशाली महिला खिलाड़ियों को खेल विभाग की तरफ से सम्मानित भी किया जाएगा।
यूनाइटेड महिला फुटबाल क्लब की महासचिव शबीरा शेख ने बताया कि लड़कियों की प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।
प्रतियोगिता से पहले एक कोचिंग कैंप भी लगाया जाएगा। इसमें लड़कियों को फुटबाल से जुड़ी सभी चीजों की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।