संवाद न्यूज एजेंसी
पूर्वी दिल्ली।
विवेक विहार इलाके में रविवार दोपहर एक इमारत के एमसीबी बॉक्स में भीषण आग लग गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। दमकल विभाग के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 1:40 बजे सी-1, विवेक विहार स्थित इमारत में आग लगने की सूचना मिली थी। आग ग्राउंड फ्लोर पर लगे एमसीबी बॉक्स में लगी थी, जिसके बाद इमारत में अफरा-तफरी मच गई। आग लगते ही इमारत में मौजूद लोग तुरंत बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों और पुलिसकर्मियों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। फिलहाल पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।