17 दमकल गाड़ियों ने रातभर संभाला मोर्चा, पानी खत्म होने पर दोबारा भरकर पहुंचीं गाड़ियां
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। मंगोलपुरी औद्योगिक क्षेत्र की चार मंजिला जूता फैक्टरी में शनिवार दोपहर लगी आग पर दमकलकर्मियों ने करीब 15 घंटे की मशक्कत के बाद रविवार सुबह 4:40 बजे काबू पाया। आग बुझाने के लिए दमकल की 17 गाड़ियां लगाई गईं। पानी खत्म होने पर गाड़ियों को दोबारा भरकर मौके पर भेजा जाता रहा। दमकलकर्मियों ने रातभर लगातार पानी की बौछार कर आग बुझाने का प्रयास किया। फैक्टरी में मौजूद कर्मचारी समय रहते बाहर निकल गए और कोई हताहत नहीं हुआ। दमकल विभाग के अनुसार, शनिवार दोपहर 1:10 बजे फेज-2 स्थित ए-76 नंबर फैक्टरी में आग की सूचना मिली थी। शुरुआत में छह गाड़ियां भेजी गईं, लेकिन आग की गंभीरता को देखते हुए इनकी संख्या बढ़ाकर 17 कर दी गई। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है। गौरतलब है कि 30 अक्तूबर को इसी इलाके की एक अन्य जूता फैक्टरी में आग से चार मजदूरों की मौत हुई थी।