शराब विक्रेताओं से पैसे लेने के लिए कनिष्ठ अधिकारी पर उगाही का दबाव बनाने वाले आईएएस अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (एसीबी) ने एफआईआर दर्ज कर ली है। आरोपी आईएएस अमरनाथ तलवड़े और उनके अधीनस्थ एक अधिकारी की एक ऑडियो क्लिप सामने आई थी। इसमें उगाही करने से संबंधित बातचीत थी। ऐसा नहीं करने पर वह उस अधिकारी को तबादला करने की धमकी दे रहे हैं।
इस बातचीत की क्लिप की रोहिणी स्थित एफएसएल में जांच करवाई गई। इसमें में क्लिप सही पाई गई। यह मामला डीएससीएससी लिमिटेड में वर्ष 2015-16 का है। इस दौरान आरोपी अमरनाथ तलवड़े डीएससीएससी में सीनियर जीएम के पद पर तैनात थे।
एसीबी के संयुक्त पुलिस आयुक्त मधुर वर्मा ने बताया कि नोएडा के निवासी ने गत वर्ष 21 मार्च को एक शिकायत दिल्ली सरकार के सतर्कता निदेशालय (डीओवी) को दी थी। इसमें एक पेन ड्राइव थी। बताया गया कि पैसों के बंटवारे के संबंध में एक आईएएस अधिकारी और एक अन्य अधिकारी के बीच बातचीत की ऑडियो क्लिप है। डीओवी ने प्रारंभिक जांच पाया कि बातचीत दिल्ली राज्य नागरिक आपूर्ति निगम लिमिटेड (डीएससीएससी लिमिटेड) के तत्कालीन वरिष्ठ महाप्रबंधक आईएएस अमरनाथ तलवड़े और उनके अधीनस्थ अधिकारी पीके शाही, तत्कालीन प्रबंधक डीएससीएससी लिमिटेड के बीच का है।
बातचीत स्पष्ट रूप से वरिष्ठ अधिकारी द्वारा खुदरा शराब विक्रेताओं से अधिक पैसा इकट्ठा करने के लिए अपने अधीनस्थ पर दबाव डालने और उनके तबादले की धमकी के साथ कुल संग्रह का 30 प्रतिशत की मांग करने पर केंद्रित थी। कथित ऑडियो क्लिप में पीके शाही से पांच लाख रुपये लेने की बात भी स्वीकार की है।