धर्म और राष्ट्र के प्रति समर्पण का लिया संकल्प
दिलशाद गार्डन के अमरनाथ बर्फानी आश्रम में हुआ कार्यक्रम, भारतीय संस्कृति और सामाजिक जागरूकता पर दिया जोर
अमर उजाला ब्यूरो
पूर्वी दिल्ली। दिलशाद गार्डन स्थित श्री अमरनाथ बर्फानी आश्रम में राष्ट्रवादी चिकित्सक संघ की ओर से आयोजित कार्यक्रम में करीब 50 महिला डॉक्टरों ने प्रतीकात्मक रूप से ‘त्रिशूल दीक्षा’ ली। इस दौरान उन्होंने धर्म, भारतीय संस्कृति और राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। कार्यक्रम का यह नौवां संस्करण था। इसमें महिला डॉक्टरों ने धार्मिक गतिविधियों में भाग लिया। इस दौरान ‘महिषासुर मर्दिनी’ का पाठ किया गया और भारत माता की आरती व पूजा-अर्चना हुई। कार्यक्रम में भारतीय संस्कृति और सामाजिक मूल्यों को बनाए रखने में महिलाओं की भूमिका पर चर्चा की गई।राष्ट्रवादी चिकित्सक संघ की अध्यक्ष डॉ. ममता त्यागी ने बताया कि अब तक दिल्ली में करीब एक हजार डॉक्टर त्रिशूल दीक्षा ले चुके हैं। इनमें 600 से अधिक महिलाएं शामिल हैं। कहा, महिलाएं समाज में जागरूकता फैलाने, लोगों को एकजुट करने और सांस्कृतिक मूल्यों को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभा सकती हैं। कार्यक्रम में विश्व मांगल्य सभा की दिल्ली प्रांतीय टीम के सदस्यों, वरिष्ठ डॉक्टरों, समाजसेवियों और राष्ट्रवादी चिकित्सक संघ के पदाधिकारियों ने भाग लिया। इस मौके पर डॉ. मीनाक्षी, डॉ. मोनिका, डॉ. रितु, डॉ. मीना, डॉ. नीति और डॉ. रुचि सहित कई महिला डॉक्टर मौजूद रहीं।