सीवर में गिरे बच्चे के पिता अजीत सिंह
- फोटो : एएनआई
राजधानी दिल्ली समेत एनसीआर में बारिश के बाद सीवर या नाले में लोगों के डूबने की खबरे आ रही हैं। बीते दिन डिफेंस कॉलोनी में एक बच्चा स्कूल जाते समय सीवर में गिर गया। जिसके बाद बच्चे को समय रहते लोगों की मदद से पिता ने बाहर निकाला। इस मामले पर बच्चे की पिता का बयान सामने आया है। उन्हें डर है कि फिर से ऐसा हादसा हो सकता है।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि डिफेंस कॉलोनी इलाके में एक बच्चा सीवर में गिर गया। पुलिस कर्मचारी मौके पर पहुंचे। सीवर का ढक्कन प्लाईबोर्ड से ढका हुआ था, जिस पर आठ वर्षीय बच्चे ने पैर रख दिया। प्लाईबोर्ड टूट गया, जिससे वह सीवर में गिर गया। लोगों की मदद से बच्चे को तुरंत बचा लिया गया।
अब इस मामले पर सीवर में गिरे बच्चे के पिता अजीत सिंह का बयान सामने आया। उन्होंने कहा कि सीवर पर प्लाईबोर्ड था, वो टूट गया और मेरा बच्चा उसमें गिर गया। मेरी पत्नी मेरे साथ थी, उसने बच्चे का हाथ पकड़ा और लोगों ने तुरंत मेरे बच्चे को बाहर निकाला। गड्ढा गहरा था, इसलिए मुझे सड़क पर लेटकर उसे बाहर निकालना पड़ा था।
आगे कहा कि कल बारिश नहीं हुई, अगर बारिश होती है तो सीवर ओवरफ्लो हो जाता है। सीवर पर प्लाईबोर्ड था। लेकिन उसका कवर भी पड़ा था। कवर टूटा नहीं था, उसमें कोई दरार भी नहीं थी। बाहर निकाले जाने के बाद मैं अपने बच्चे को एम्स ले गया। जहां वो 7-8 घंटे तक रहा। वहां उसकी जांच की गई। वो अभी भी घबराया हुआ है। रात में 2-3 बार डरकर उठा था।
बातचीत में आगे बताया कि सीवर में सीने तक पानी था। मैं अपने बच्चे के साथ था। कई और बच्चे अकेले स्कूल आते हैं। अगर वो उसमें गिर जाते तो कौन देखता और उन्हें कौन बचाएगा। अगर सीवर साफ हो गया था तो उसे वापस क्यों नहीं ढका गया? एमसीडी और एनडीएमसी के बीच लड़ाई में मेरा बच्चा क्यों पीड़ित हो? इस मामले की जांच होनी ही चाहिए।