संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। साइबर ठगों ने संजय कॉलोनी निवासी एक युवक का मोबाइल फोन हैक कर उसके बैंक खातों से 1 लाख 16 हजार 600 रुपये निकाल लिए। पीड़ित को ठगी का पता तब चला, जब वह बाजार में सामान खरीदने के लिए भुगतान करने लगा। साइबर थाना एनआईटी पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।संजय कॉलोनी सेक्टर-23 निवासी गुड्डू कुमार किराये पर रहता है। वह एक मेडिकल कंपनी में काम करता है। कंपनी में फोन ले जाने की अनुमति नहीं होने के कारण वह अपना फोन कमरे पर ही छोड़कर ड्यूटी पर जाता था। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि 8 सितंबर को शाम करीब 4:30 बजे ड्यूटी से घर लौटने के बाद उसे बैंक खाते से पैसे निकलने की जानकारी नहीं थी। शाम को बाजार में भुगतान करने के लिए फोन देखा तो पता चला कि उसकी मर्जी के बिना एप के माध्यम से उनके खाते से 1 लाख 16 हजार 600 रुपये निकाल लिए गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।