संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। मेहता चौक इलाके में देर रात युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया। घायल युवक की शिकायत पर एसजीएम नगर थाना पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसजीएम नगर निवासी समरेंद्र कौशल उर्फ समर ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 19 मई की रात वह अपने दोस्तों के साथ रात करीब 11 बजे ऑटो से जब मेहता चौक एनएच-4 पर पहुंचे तो वहां 4 से 5 युवक आपस में झगड़ा कर रहे थे, जिससे रास्ता बाधित हो गया था। समरेंद्र के अनुसार जब उन्होंने युवकों से रास्ता देने के लिए कहा तो आरोपी युवक गुस्से में आ गए और उनके साथ मारपीट करने लगे। जान बचाने के लिए जब वह ऑटो से उतरकर भागने लगे तो आरोपियों ने किसी तेजधार हथियार से उन पर हमला कर दिया। हमले में उनके पेट और कमर पर कई वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल का कहना है कि मामले की जांच जारी है।