आरोपियों में एक दिव्यांग भी शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सिररौना गांव से ऑटो में सवारी बनकर बैठे दो युवक चालक से ऑटो लूटकर फरार हो गए। आरोपियों में एक दिव्यांग भी शामिल है। पुलिस ने केस दर्ज करके आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
मूलरूप से यूपी के अयोध्या के इनायत नगर निवासी अजय गोस्वामी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह फिलहाल राजीव काॅलोनी में रह रहे हैं। 21 जनवरी को ऑटो लेकर करनेरा गांव से राजीव कॉलोनी सेक्टर-58 की तरफ जा रहे थे। दोपहर करीब ढाई बजे करनेरा गांव शिव मंदिर के पास दो लड़कों ने हाथ देकर ऑटो रुकवा लिया। युवकों ने कहा उन्हें कबूलपुर जाना है। दोनों युवक चालक के दोनों तरफ वाली सीट पर बैठ गए। एक लड़के का पैर खराब था। वह बैसाखी के सहारे से चलता था। कबुलपुर के पास दिव्यांग युवक जबरदस्ती ऑटो चलाने लगा। विरोध करने पर आरोपियों ने उसे डराकर गांव मानपुर मुंडकटी पलवल ले जाकर ऑटो व मोबाइल फोन लूट लिया। आरोपी उसे सड़क पर छोड़कर ऑटो लेकर फरार हो गए। सेक्टर-58 थाना पुलिस ने केस दर्ज करके आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।