तीन दिन के बाद टैटू से हुई युवक की पहचान
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। फोन पर बात करते समय ट्रेन पकड़ने की जल्दबाजी में एक युवक ट्रेन की चपेट में आ गया। युवक अपनी पत्नी को लेने के लिए कोलकाता जाने के लिए घर से निकला था। परिजन युवक की तलाश करते हुए तीन दिन के बाद बुधवार को बीके अस्पताल पहुंचे। जहां उन्होंने युवक के हाथ पर बने टैटू से उसकी पहचान की। तीन दिन के बाद युवक की पहचान हुई और जीआरपी ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
सुभाष कॉलोनी निवासी अनू ने बताया कि उनके पति रोशन (27) ने फोन करके कहा था कि मैं तुम्हें लेने के लिए आ रहा हूं, तुम तैयार रहना। मेरा तुम्हारे और बच्चों के बिना मन नहीं लग रहा। इसके बाद उन्हें रात को 10:40 बजे ट्रेन पकड़नी थी। उसके बाद वह ट्रेन पकड़ने के लिए घर से निकले। ट्रेन पकड़ने के दौरान वह फोन पर बात कर रहे थे। उसके बाद अचानक से फोन बंद होने से उनको शक हुआ कि कोई हादसा हुआ है। जिसके चलते परिवार के लोगों को ढूंढने के लिए कहा और वह भी कोलकाता से अपनी बेटियों को लेकर चल दी। बुधवार को परिवार के लोग उसे ढूंढते हुए बीके अस्पताल के शव गृह में पहुंचे, जहां उन्हें पता चला कि रोशन की मौत बीते रविवार को ट्रेन की चपेट में आने से हो गई। पत्नी अनु ने बताया कि उनकी शादी 2017 में हुई थी, उनकी तीन बेटियां हैं।
अंतिम बार बच्चों से की वीडियो कॉल
उन्होंने बताया जब उनके पति का फोन आया था तो उनकी आखिरी बार वीडियो कॉल के जरिये रविवार को ही बात हुई थी। परिवार के लोग जब शव गृह में पहुंचे तो रोशन के हाथ पर बने टैटू से पहचान हुई। रोशन के एक हाथ पर प्रीति और दूसरे हाथ पर त्रिशूल बना हुआ था। अनु का आरोप है कि फोन पर बात करते समय ट्रेन पकड़ने की जल्दबाजी में यह हादसा हुआ। यदि वह फोन पर बात नहीं करते, तो शायद उनके साथ यह हादसा न होता।