फरीदाबाद। सेक्टर-23 स्थित एक कंपनी में मंगलवार सुबह मशीन में हाथ आने से मजदूर का अंगूठा कट गया। घटना मंगलवार सुबह करीब 10:45 बजे की है। पीड़ित विनोद कुमार, जो सरूरपुर का रहने वाला है, के मुताबिक वह करीब छह महीने से कंपनी में काम कर रहा था। उसका आरोप है कि डाय बनाने वाली मशीन में काम करते समय उसका हाथ मशीन में आ गया, जिससे अंगूठा कट गया। हादसे के बाद कंपनी प्रबंधन ने उससे एक कागज पर हस्ताक्षर करा लिए थे। आरोप है कि कागज में उससे पुलिस में शिकायत नहीं करने और ऑपरेशन कराने की बात लिखवाई गई। साथ ही यह भी लिखवाया गया कि हादसा उसकी अपनी गलती से हुआ है। विनोद का आरोप है कि हस्ताक्षर कराने के बाद कंपनी प्रबंधन अपने वादे से मुकर गया। इसके बाद उसने बीके अस्पताल में उपचार कराया। पीड़ित ने अभी पुलिस में शिकायत नहीं दी है। संवाद