फरीदाबाद। राष्ट्रीय हड़ताल के आह्वान पर बुधवार को औद्योगिक नगरी फरीदाबाद के कई बड़े कारखानों में कामकाज ठप रहा। श्रमिक संगठनों के आह्वान पर मजदूरों ने केंद्र सरकार की श्रम नीतियों के विरोध में उत्पादन बंद रखा और प्रदर्शन किया। मजदूरों ने चार लेबर कोड्स लागू करने के फैसले का विरोध जताते हुए कहा कि इससे नियमित रोजगार की जगह फिक्स टर्म नियुक्ति को बढ़ावा मिलेगा और श्रमिकों की सामाजिक सुरक्षा कमजोर होगी। काम के घंटे 8 से बढ़ाकर 12 किए जाने की आशंका भी जताई गई। स्टार वायर, भारत गियर, ओएमपी, इंपीरियल ऑटो, हरियाणा टैक्स प्रिंट, एस्कॉर्ट ग्रुप सहित कई इकाइयों के कर्मचारी हड़ताल में शामिल रहे। ऑटो रिक्शा ड्राइवर यूनियन ने भी समर्थन में चक्का जाम रखा। विभिन्न ट्रेड यूनियनों के नेताओं ने प्रदर्शन में भाग लेकर श्रमिक एकता का संदेश दिया। ब्यूरो