बल्लभगढ़ के सदर थाना एरिया में आईएमटी में हुआ हादसा, परिजनों को नहीं दी गई जानकारी
सदर बाजार थाना पुलिस ने महिला का शव कब्जे में लेकर मोर्चरी भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। सदर थाना एरिया के सेक्ट-68 स्थित आईएमटी में निजी कंपनी में काम करने के दौरान एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के समय महिला लोहा काटने की मशीन पर काम कर रही थी। इसी दौरान उसकी चुन्नी मशीन में फंस गई जिससे महिला मशीन के नीचे पहुंच गई। गर्दन कटने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद निजी कंपनी में हंगामा हो गया। मृतका की शिनाख्त राजकुमारी (40) के रूप में हुई है। आरोप है कि हादसे के बाद कंपनी के लोगों ने परिवार को बिना खबर दिए ही महिला की लाश को बीके अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया। दूसरी कंपनी से खबर मिलने पर परिवार वहां पहुंचा। बाद में पुलिस को मामले की शिकायत की गई। परिवार का आरोप है कि महिला से जबरन लोहा काटने का काम करवाया जा रहा है। पुलिस बाकी कर्मचारियों के बयान लेने के अलावा वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से पड़ताल कर रही है। जांच के बाद तथ्याें के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात की जा रही है।
जानकारी के अनुसार मूलरूप से मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ की रहने वाली राजकुमारी अपने परिवार के साथ मच्छगर गांव में किराये के मकान में रहती थी। इसके परिवार में पति मोहन विश्वकर्मा के अलावा एक बेटा मोनू है। महिला के बेटे मोनू का आरोप है कि पहले उसकी मां ने उसे बताया था कि कंपनी में उससे जबरन लोहा काटने वाली मशीन पर काम करवाया जाता है। उसकी मां ग्राइंडर चलाती थी। रोजाना की तरह सुबह उसकी मां काम के लिए निजी कंपनी में पहुंच गई थी। इस बीच 10 बजे वह हादसे का शिकार हो गई। राजकुमारी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद फौरन उसका शव एक ओर रखवाकर मामले की सूचना पुलिस को दी गई। बाद में शव को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचा दिया गया। परिवार को जब खबर मिली तो एंबुलेंस शव लेकर अस्पताल की ओर जा रही थी।
-
परिजनों को नहीं दी जानकारी
बेटे माेनू और पति मोहन का आरोप है कि कंपनी संचालकों ने घटना के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। कंपनी के लोग चुपके से शव को बीके अस्पताल की मोर्चरी में रखने के लिए ले जा रहे थे। कंपनी की ओर से उनको कोई सूचना नहीं मिली। किसी अन्य व्यक्ति ने उनको फोन करके घटना के बारे में बताया। इसके बाद वह घटना स्थल पर पहुंचे, लेकिन कंपनी के कर्मचारी व अधिकारी कुछ भी बताने को तैयार नहीं हैं।
पुलिस जांच कर दोषियों पर करे कार्रवाई
मोनू ने कहा कि जब वह कंपनी में आया, तो उनकी मां को एंबुलेंस में ले जाया जा रहा था। उनकी मां को क्या हुआ है इसके बारे में पूछा तो कंपनी वालों ने नहीं बताया। जिसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। बेटे ने कहा कि पुलिस जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करे।