फरीदाबाद। सेक्टर-58 में ड्यूटी पर जा रही 48 वर्षीय महिला को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में महिला के सिर में गंभीर चोट लगी। इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। बल्लभगढ़ की सुभाष कॉलोनी निवासी विशाल कुमार ने दी शिकायत में बताया कि उनकी मां रंजू देवी सेक्टर-58 स्थित एक औद्योगिक इकाई में कई साल से हेल्पर का काम करती थीं। 13 अक्तूबर की सुबह करीब 8:30 बजे वह मां को ड्यूटी पर छोड़ने के लिए पैदल जा रहे थे। हिन्दुस्तान सिरिंज कंपनी के सामने पहुंचे तो सामने से आ रही बाइक ने उनकी मां को सीधी टक्कर मार दी। शिकायत के अनुसार, बाइक चालक कुछ देर रुका। चालक को भी चोट लगी थी, लेकिन वह बाइक लेकर वहां से भाग गया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि सेक्टर-58 थाना ने बेटे की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की है। संवाद