चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
फरीदाबाद। ओल्ड फरीदाबाद थाना क्षेत्र के साईं बाबा चौक के पास ई-रिक्शा के पलटने से घायल हुई महिला की मौत हो गई। पुलिस ने मृतका के दामाद की शिकायत पर अज्ञात ई-रिक्शा चालक के खिलाफ 11 मई को प्राथमिकी दर्ज कर ली है। संजय कॉलोनी निवासी रवि बजाज ने दी शिकायत में बताया कि उनकी सास वीना रानी 10 मई को ई-रिक्शा से घर से टाउन पार्क जाने के लिए निकली थीं। जब वह साईं बाबा चौक के पास पहुंचीं, तभी ई-रिक्शा चालक ने लापरवाही से अचानक कट मार दिया। इस कारण ई-रिक्शा पलट गया और वीना रानी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक की तलाश की जा रही है। संवाद