पलवल। शोलाका और रुंधी रेलवे स्टेशन के बीच शनिवार रात एक महिला कोटा शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गई। ट्रेन की चपेट में आने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस चौकी होडल प्रभारी सब इंस्पेक्टर चंद्रपाल टीम सहित मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने बताया कि मृतका की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। महिला ने छींटदार सूट-सलवार पहना हुआ था और नीला-लाल छापेदार दुपट्टा ओढ़ रखा था। प्रथम दृष्टया लग रहा है कि वह आसपास के ही किसी क्षेत्र की रहने वाली है। मौके से कोई पहचान पत्र या दस्तावेज नहीं मिला है। पुलिस ने शव को जिला नागरिक अस्पताल के शव गृह में पहचान और पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया है। फिलहाल जीआरपी मामले की जांच कर रही है और महिला की पहचान के प्रयास जारी हैं। संवाद