संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। गांव मोहन स्थित महादेवी मंदिर पर चौथे दिन भी जेवर हाईवे उतार-चढ़ाव को लेकर संघर्ष समिति द्वारा धरना प्रदर्शन जारी रहा। लोगों का कहना है कि सरकार ने उनकी मांग नहीं मानी तो सभी लोग भूख हड़ताल के साथ अनशन पर बैठ जाएंगे।
चौथे दिन की अध्यक्षता पंचायत विभाग में कार्यरत पूर्व सचिव विशाल सिंह द्वारा की गई। उन्होंने कहा कि 17 अक्टूबर को मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने उनको आश्वासन दिया है कि वह नेशनल हाईवे अथॉरिटी से इसको लेकर पत्र लिखेंगे और विधायक नयन पाल रावत ने भी कहा कि वह राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से इस बारे में बातचीत करेंगे। अब उम्मीद है कि सरकार इस समस्या का कोई ना कोई उपाय निकालेगी। इसके अलावा उन्होंने कहा कि अगर सरकार उनकी मांग को नहीं मानती है तो सभी लोग भूख हड़ताल के साथ अनशन पर बैठ जाएंगे। इस दौरान पूर्व विधायक टेकचंद शर्मा भी किसानों का समर्थन करने के लिए पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले किसानों की फसल की खरीद नहीं होने पर रोष जताया। साल भर मेहनत करने के बाद किसानों को उनकी मेहनत का पूरा पैसा नहीं मिल रहा है। उसके बाद उन्होंने संघर्ष समिति को अपना सहयोग देते हुए कहा कि वह रोज धरने में आकर सहयोग देंगें। इस मौके पर मास्टर ऋषि पाल चंदावली, राहुल तंवर पृथला, कमला हीरापुर, सुखबीर मोहना, ओमबीर, लक्ष्मण, मेघराज, वेदपाल आदि मौजूद रहे।