- नगर निगम ने दावा किया था कि कुछ मिनट बाद ही सड़कों से निकल जाएगा पानी
- आठ घंटे बाद भी सड़कों पर भरे पानी से गुजरे लोग
फोटो-
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। शहर में नालों की सफाई के बड़े-बड़े दावे करने वाले नगर निगम की बुधवार हुई झमाझम बारिश से कलई खुल गई। शहर की सभी सड़कों पर जलभराव हो गया है। पानी की निकासी के उचित इंतजाम नहीं होने से लोगों की बीच सड़क पानी में गाड़ियां खराब हो गईं। सबसे ज्यादा खराब हालत हाईवे पर अजरौंदा चौक, बाटा चौक, बल्लभगढ़ बस अड्डा चौक और जवाहर कॉलोनी 60 फुट रोड पर देखने को मिली।
प्रशासन की ओर से जलभराव से निपटने के लिए 52 टीमें बनाई गईं थीं। ताकि जलभराव होने पर टीम तुरंत पहुंचकर समाधान कर सके। वहीं, निगम की ओर से पिछले दिनों व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया गया था। नालों की जेसीबी से सफाई कराई गई। इस दौरान कई नाले सालों से बंद पाए गए, उन्हें दोबारा से खोला गया। अधिकारियों का दावा था कि बारिश में सड़कों पर जलभराव नहीं होगा। ड्रेनेज लाइनों को चालू करने का काम तेजी से किया जा रहा है। बूस्टर की देखरेख की जा रही है। अंडरपास में पानी न भरे इसके लिए करोड़ों रुपये के पाइप डाले गए। उच्च क्षमता की मोटर लगाई गई। बूस्टर स्टेशन बनाए गए। दावा किया गया कि बारिश होने पर कुछ ही देर में अंडरपास का पानी निकल जाएगा, लेकिन बुधवार हुई बारिश में उसका भी कोई खास फायदा देखने को नहीं मिला।
निगम की लापरवाही लोगों पर भारी
नगर निगम अधिकारियों की लापरवाही एक मामला सामने आया है। जवाहर कॉलोनी की बहुचर्चित सड़क 60 फीट रोड पर सड़क लेवलिंग का कार्य पिछले कुछ माह से बंद है। इस कारण बारिश से सड़क पर घुटनों तक जलभराव हो गया। अधिवक्ता मनोज शर्मा ने बताया कि ठेकेदार ने पिछले दिनों स्थानीय निवासियों व दुकानदारों के मना करने के बावजूद सड़क को खोद दिया। जिसका नतीजा यह हुआ कि दो दिन से हो रही बारिश से सड़क का काफी हिस्सा तालाब में तब्दील हो गया है क्योंकि यहां निगम द्वारा पानी निकासी के कोई अतिरिक्त प्रबंध किए नहीं गए।
संयुक्त आयुक्त आवास में हुआ जलभराव
एनआईटी पांच स्थित रेलवे रोड पर नगर निगम के संयुक्त आयुक्त आवास है। पानी निकासी के इंतजाम नहीं होने के कारण बुधवार को यहां पानी भर गया। टैंकर लगाकर पानी निकाला गया।
जलभराव से हाईवे पर एक किमी मीटर लंबा जाम
झमाझम बारिश से हाईवे सहित शहर की मुख्य सड़कों पर जलभराव से यातायात व्यवस्था चरमरा गई। राष्ट्रीय राजमार्ग पर बाटा चौक, अजरौंदा चौक, सेक्टर-7-8 चौक और बल्लभगढ़ बस अड्डा चौक पर पानी भरने से जाम स्थिति बन गई। एक किमी लंबा जाम लग गया। इसके अलावा 60 फुट रोड, सेक्टर-22, 23 और सेक्टर-15ए में घुटना तक पानी भरा होने से लोगों को काफी परेशानी हुई।
इन सड़कों पर रहा जलभराव
सेक्टर-10-11 की डिवाइडिंग सड़क, सेक्टर-16 के विश्राम गृह वाली सड़क, सेक्टर-11 व 12 की सड़क, सेक्टर, छह, सात, आठ, नौ, 15 समेत अन्य सेक्टरों की मुख्य सड़कें, बीके-हार्डवेयर चौक, एयरफोर्स रोड, रेलवे रोड, राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुड ईयर चौक से सेक्टर-7 और सात के डिवाइडिंग रोड पर, सेक्टर-7 और 9 की हुड्डा मार्केट आदि जगहों पर पानी भर गया। सड़कों पर जमा हुए पानी के कारण राहगीरों व वाहन चालकों को भारी परेशानी हुई।
वर्जन
पानी निकासी के सभी प्रबंध है। बारिश के कुछ देर बाद सड़कों से पानी निकाल दिया गया। कुछ जगह जहां पानी नहीं निकला। वहां टैंकरों से पानी साफ कराया जा रहा है। सभी डिस्पोजल पूर्ण रूप से काम कर रहे हैं। - ओमवीर सिंह, कार्यकारी अभियंता, नगर निगम
कहां कितनी हुई बारिश
फरीदाबाद - 55 एमएम
तिगांव - 06 एमएम
बल्लभगढ़ -54 एमएम
मोहना - 66 एमएम
दयालपुर - 65 एमएम
बड़खल - 42 एमएम
धौज - शून्य
गौंछी - 14 एमएम