फरीदाबाद। सेक्टर-39 के दयालबाग में पेयजल संकट अब भी बना हुआ है। एफएमडीए के दावों के बावजूद कॉलोनी के आधे हिस्से को पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है। बूस्टिंग स्टेशन तक पानी का दबाव पहले की तुलना में काफी कम है। दबाव बढ़ाने के लिए विभाग पीछे लगे सभी वाल्व बंद कर रहा है। इसके साथ ही दो मोटर और एक बूस्टिंग पंप भी चलाए जा रहे हैं। हालांकि, यह व्यवस्था स्थायी समाधान नहीं है। रोजाना सभी वाल्व बंद करना और तीन मोटर चलाना उचित नहीं है। इससे अन्य क्षेत्रों की जलापूर्ति भी प्रभावित होने की आशंका है। दयालबाग में सामान्य जलापूर्ति बहाल करना विभाग के लिए अब भी एक चुनौती है। संवाद