संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सूरजकुंड मेला में सजी अपना घर विरासत प्रदर्शनी ने उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन का मन मोह लिया। प्रदर्शनी में कदम रखते ही जब उपराष्ट्रपति का पारंपरिक तरीके से पगड़ी बांधकर स्वागत किया गया, तो वे हरियाणवी मान-सम्मान के इस प्रतीक को पहनकर बेहद अभिभूत नजर आए। उन्होंने इस विरासत को सहेजने के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे युवाओं के लिए एक जीवंत पाठशाला बताया। प्रदर्शनी का सबसे बड़ा आकर्षण वहां प्रदर्शित किए गए तीन सौ साल पुराने ताले और तेल रखने के लिए प्रयोग होने वाले प्राचीन कूपे रहे। उपराष्ट्रपति और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इन प्राचीन वस्तुओं को देखकर आश्चर्य जताया कि कैसे सैकड़ों वर्षों से इन कलाकृतियों को सहेजकर रखा गया है।