वीटा डेयरी ने दूध के दाम दो रुपये बढ़ाए
फरीदाबाद। अमूल और मदर डेयरी के बाद वीटा ने भी दूध के दामों में दो रुपये का इजाफा कर दिया है। नए दर शनिवार आधी रात से लागू हो जाएंगे। रविवार सुबह जब लोग वीटा बूथ पर दूध लेने पहुंचेंगे तो उन्हें बढ़ी हुई कीमत अदा करनी होगी। अमूल दूध से 21 मई को दूध के दामों में बढ़ोतरी की थी तो मदर डेयरी ने शनिवार से दाम बढ़ा दिए हैं। ऐसे में शनिवार को वीटा दूध ने भी दाम बढ़ाने की घोषणा की। बल्लभगढ़ स्थित वीटा मिल्क प्लांट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी की ओर से जारी रेट लिस्ट के अनुसार वीटा फुल क्रीम आधा लीटर दूध के दो पैकेटों की कीमत 52 रुपये से बढ़ाकर 54 रुपये कर दी गई है। इसी तरह एक लीटर वाले पैकेट के दाम 51 रुपये से बढ़ाकर 53 रुपये किए गए हैं। वीटा स्टेंडर्डाइज्ड दूध आधा लीटर में 46 से 48 रुपये और एक लीटर में दाम 45 रुपये से बढ़ाकर 47 रुपये किए गए हैं। वीटा टोंड दूध आधा लीटर के दाम अब 42 से बढ़कर 44 रुपये और एक लीटर में 40 से बढ़कर 42 रुपये हो गए हैं। डबल टोंड आधा लीटर दूध के दाम 36 से बढ़कर 38 रुपये और एक लीटर में 34 से बढ़कर 36 रुपये हो गए हैं। प्रबंधन के अनुसार दुग्ध उत्पादकों से दूध के खरीद रेट बढ़ने के कारण दाम बढ़ाए गए हैं।