फरीदाबाद। गुजरात के गांधीधाम में शुक्रवार को संपन्न हुई राष्ट्रीय टेबल टेनिस चैंपियनशिप में फरीदाबाद के वत्सल डुकलान ने शानदार खेल दिखाते हुए रजत पदक अपने नाम कर लिया। वत्सल, प्रतियोगिता की शुरुआत से ही लय में दिखे। पहले लीग मैच में उन्होंने सत्यनारायण को 3-0 से हराया जबकि दूसरे मुकाबले में उन्होंने त्रिजल वोहरा को 3-2 से हराने में सफलता पाई। क्वार्टर फाइनल में वत्सल बंगाल के हिमोन कुमार को 3-1 से हराने में सफल रहे। वहीं सेमी फाइनल में उन्होंने महाराष्ट्र के निलय पाटेकर को 3-2 से हराया। इसके बाद फाइनल में उन्हें विवान दवे से रोमांचक मुकाबले में 3-2 से हार का सामना करना पड़ा। बता दें कि पिछले वर्ष इसी अंडर- 15 कैटेगरी में वत्सल ने कांस्य पदक जीतने में सफलता हासिल की थी। संवाद