पल्ला थाना इलाके के ओम एन्क्लेव पार्ट-दो में हुई वारदात
वारदात के वक्त घर पर थे दोनों, घटना के बाद से आरोपी फरार
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। पल्ला थाना क्षेत्र के ओम एन्क्लेव पार्ट-दो में बृहस्पतिवार को सीए की छात्रा अनन्या (20) की गला दबाकर हत्या कर दी। छात्रा के छोटे भाई प्रियांशु पांडे (19) के खिलाफ हत्या का केस दर्ज पुलिस जांच कर रही है। वारदात के बाद से आरोपी फरार है। मूलरूप से गोरखपुर (उत्तर प्रदेश) निवासी अनन्या दिल्ली के एक शिक्षण संस्थान से सीए की पढ़ाई कर रही थी। वारदात के वक्त घर पर भाई-बहन ही थे।
छात्रा के पिता श्यामसुंदर पांडे ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह दो माह से ओम एन्क्लेव पार्ट-दो स्थित मकान में किराए पर रहे हैं। 19 मई को शादी समारोह में शामिल होने के लिए वह पत्नी और बड़े बेटे के साथ गोरखपुर चले गए थे। घर में अनन्या छोटे भाई प्रियांशु के साथ थी। बृहस्पतिवार रात मकान मालिक ने फोन पर अनन्या की तबीयत खराब होने की बात बताई, साथ ही कहा कि प्रियांशु घर पर नहीं है। सूचना पाकर श्यामसुंदर फरीदाबाद पहुंचे। यहां पता चला कि बीके अस्पताल में अनन्या की मौत हो गई है। श्यामसुंदर ने आशंका जताई कि प्रियांशु ने बेटी की हत्या की है। पल्ला थाना प्रभारी इंस्पेक्टर दलीप सिंह का कहना है कि मृतक के गले पर उंगलियों के निशान मिले हैं। उसकी मौत दम घुटने से हुई है।
-
पढा़ई के लिए भाई को डांटती थी अनन्या
श्यामसुंदर ने बताया कि बेटी पढ़ने में काफी होशियार थी। पिछले साल ही उसने बीकॉम में काॅलेज में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। प्रियांशु पढ़ाई में कमजोर है, इसलिए बेटी उसे डांटती रहती थी। पढ़ाई में कमजोर होने की वजह से प्रियांशु काफी प्रयास के बाद हाल ही में 12वीं पास कर पाया। वह दिनभर मोबाइल देखता रहता था। इस बात को लेकर भी बहन उसे डांट देती थी। आशंका है प्रियांशु ने डांट फटकार के कारण ही बहन का गला दबा हत्या की है।