फरीदाबाद। आंबेडकर की फोटो लगे बोर्ड को तोड़ने पर नंगला एन्क्लेव पार्ट दो में रविवार सुबह दो पक्षों के बीच हंगामा हो गया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात बिगड़ने से पहले बोर्ड को दोबारा से लगवा दिया। बोर्ड लगाने वाले पक्ष ने पुलिस को मामले की शिकायत दी है। पुलिस जांच कर रही है।
बहुजन युवा एकता टीम से जुडे़ सुशील कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया उनकी संस्था ने शनिवार रात को बहुजन बस्ती के नाम से एक बोर्ड अपने प्लॉट के सामने लगाया था। सुबह करीब नौ बजे पास की ही गली में रहने वाला सुभाष भड़ाना अपने बेटे रोहित व अन्य के साथ आया और बोर्ड को नीचे गिरा दिया। आरोप है कि इस दौरान उन्हें जाति सूचक शब्द कहे और आंबेडकर की फोटो के साथ बदसलूकी भी की। सूचना पाकर मौके पर पुलिस आ गई और बोर्ड को दोबारा से लगा दिया। थाना सारण प्रभारी राजेश कुमार का कहना है कि शिकायत मिल चुकी है। पुलिस ने बोर्ड अपनी मौजूदगी में दोबारा से लगवा दिया है। आरोपों की जांच के बाद केस दर्ज किया जाएगा।