फरीदाबाद। बृहस्पतिवार को शहर के सभी बाजार भी पूरी तरह खुलने लग गए। हालांकि बाजारों में रौनक नहीं थी और दुकानदार ग्राहकों का इंतजार करते दिखे।
अनलॉक-2 में शहर के सभी बाजार पूरी तरह खुलने शुरू हो गए। सुबह से बाजारों में दोनों तरफ की दुकानें कोरोना काल से पहले की तरह खुली, मगर शाम तक छुटपुट लोग ही बाजार में घूमते दिखे। वे भी खरीददारी नहीं कर रहे थे। ऐसे में दुकानदारों को ग्राहकों का अभी और इंतजार करना पड़ सकता है। व्यापारिक संगठनों का कहना है कि बाजार खुल गए हैं तो धीरे-धीरे लोग भी आने शुरू हो जाएंगे। अभी लोगों में कोरोना का डर है, जिस कारण घरों से बाहर निकलने से परहेज कर रहे हैं। वहीं, तीन माह से बंद मॉल में रौनक लौटने लगी है। बृहस्पतिवार को शहर के मॉल में लोगों की चहल पहल देखने को मिली। हालांकि लोग शॉपिंग करने कम घूमने ज्यादा पहुंचे। लोगों ने यहां सामाजिक दायरे के साथ खुले रेस्तरां में जमकर मस्ती की। परिवार के साथ खाना खाया। सरकार की ओर से तय गाइडलाइन के अनुसार सुबह 9 बजे से मॉल खुले तो लोग पहुंचना शुरू हो गए। मॉल में प्रवेश करने वालों की संख्या हालांकि कम थी। राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित ईएफ-3 मॉल में एक घंटे के दौरान 15 से 20 लोग पहुंचे। प्रत्येक व्यक्ति के थर्मल स्क्रीनिंग करने और मोबाइल में आरोग्य सेतु एप देखने के बाद ही प्रवेश दिया गया। ईएफ-3 समेत क्राउन इंटीरियर, क्राउन प्लाजा, पार्श्वनाथ सीटीसी मॉल व प्रेस्टीन मॉल में मॉल प्रबंधनों ने गाइडलाइन के अनुसार मॉल में आइसोलेशन रूम भी बना दिया। कुछ ने मॉल के तापमान को नियंत्रित रखा तो कुछ ने बिना एयर कंडीशन के ही मॉल में लोगों का आगमन किया।