धौज एरिया में इज्जत की खातिर किशोरी की हत्या कर घर में ही शव कर दिया था दफन
फरीदाबाद। धौज इलाके में इज्जत की खातिर किशोरी की हत्या कर शव को घर में ही दफन करने के मामले में पुलिस ने एक साल बाद उसके मामा को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान मिर्जा शाद उर्फ निज्जा के रूप में हुई है। आरोपी दक्षिण दिल्ली के चंदनहोला गांव का रहने वाला है। हत्याकांड के खुलासे के बाद वह लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था।
पुलिस के दबाव के बीच आरोपी ने अदालत में सरेंडर कर दिया, जहां से पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी ने भांजी की हत्या के लिए अपनी बहन (लड़की की मां) को नींद की गोलियां लाकर दी थीं। बाद में हत्या के बाद शव को घर में ही दफन करने में भी उसका योगदान था। हत्याकांड के खुलासे के बाद पुलिस ने घर से किशोरी का कंकाल बरामद किया था।
पुलिस उपायुक्त एनआईटी कुलदीप सिंह ने बताया कि सात जून 2024 को धौज निवासी ताहिर ने सऊदी अरब से ईमेल के जरिए एक शिकायत दी थी। उसने शिकायत में बताया था कि उसकी पत्नी हनीफा, साली रुकसाना, साड़ू जफरुद्दीन व साले मिर्जा शाद ने मिलकर उसकी बेटी परवीना (17) की हत्या कर दी है।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस की टीम जांच के लिए ताहिर की पत्नी के पास पहुंची तो उसने बताया कि उसकी बेटी परवीना ने पिछले साल फांसी लगाकर जान दे दी थी। छानबीन के दौरान परवीना की लाश का घर में ही दफन होने का खुलासा हुआ। एसडीएम व दूसरे अधिकारियों की मौजूदगी में घर के एक हिस्से की खुदाई हुई।
वहां एक मानव कंकाल के अवशेष बरामद हुए। इस बीच 27 जून 2024 को ताहिर जो पिछले 13 साल से सऊदी अरब में नौकरी कर रहा था। वह भारत पहुंचा और उसने पुलिस को लिखित शिकायत दी। पुलिस ने फौरन मामला दर्ज कर जांच शुरू की। ताहिर की पत्नी से पूछताछ हुई तो उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली।
उसने बताया कि उनकी बेटी अपनी मर्जी से गांव के किसी युवक के साथ चली गई थी। बाद में गांव के लोगों ने फैसला कराकर उसे वापस भेज दिया। इस बात से नाराज होकर हनीफा ने अपने दो बेटों वाजिब, मुजाहिद और भाई निज्जा की मदद से बेटी की हत्या कर शव घर में ही जमीन में दफना दिया। मामले में पुलिस ने मां-बेटों को गिरफ्तार कर लिया था।
लेकिन निज्जा लगातार लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था। पुलिस ने उसके ठिकानों पर दबिश डाली तो वह चकमा देता रहा। इस बीच उसने कोर्ट में सरेंडर कर दिया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया है। आरोपी से पूछताछ कर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।