-हथीन में एवीटी की कार्रवाई, नूंह और सोहना के दो युवक पकड़े गए
संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन। क्षेत्र में गश्त के दौरान एवीटी टीम ने चोरी के दो ट्रैक्टर बरामद कर दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों ट्रैक्टर गुरुग्राम से चोरी किए गए थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हथीन थाना में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। एवीटी प्रभारी दीपक गुलिया के अनुसार 30 दिसंबर की रात टीम स्वामिका मोड़ पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि नूंह जिले के उदका गांव का रहने वाला नंद किशोर उर्फ नंदू और सोहना क्षेत्र के सांप की नंगली का रहने वाला नीरज चोरी के ट्रैक्टर लेकर नूंह की ओर जा रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मौके पर नाका लगा दिया। करीब 20 मिनट बाद दो ट्रैक्टर आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोककर जांच की तो दोनों ट्रैक्टरों पर न तो नंबर प्लेट लगी थी और न ही कोई कागजात मौजूद थे। जांच के दौरान नंद किशोर उर्फ नंदू ने बताया कि उसने एक ट्रैक्टर करीब एक माह पहले गुरुग्राम से चोरी किया था। वहीं दूसरे आरोपी नीरज ने स्वीकार किया कि उसने ट्रैक्टर करीब छह माह पहले गुरुग्राम से चोरी किया था, जिसकी चोरी की रिपोर्ट थाना सदर, गुरुग्राम में 12 अगस्त 2025 को दर्ज है। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपितों से पूछताछ जारी है ।