संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। गांव नीमका स्थित एनएसआईसी पॉलिटेक्निक संस्थान से कंप्यूटर प्रोसेसर चोरी करने के मामले में पुलिस ने आरोपी और प्रोसेसर खरीदने वाले दो दुकानदारों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी हार्डवेयर ट्रेनर आफताब आलम ने सेंटर से 139 कंप्यूटर के प्रोसेसर चोरी कर नेहरू प्लेस में बेचे थे। आरोपी ने इन्हें 3500-3500 रुपये में बेचा था। सभी से पूछताछ करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
सेक्टर-91 निवासी बीटेक पास आरोपी आफताब आलम संस्थान में ट्रेनिंग देता था और लैब की देखरेख करता था। वहीं, मुकेश दिल्ली की जेजे कॉलोनी का रहने वाला और सुधीर बिहार के चंपारण जिले का है। पॉलिटेक्निक के कंप्यूटर लैब इंचार्ज ने पुलिस चौकी आईएमटी में कंप्यूटर प्रोसेसर चोरी की शिकायत दी थी। जिसमें लैब इंचार्ज ने बताया कि कंप्यूटरों को नए बैच के लिए तैयार किया गया था। जिनको चेक करने पर पता चला कि कंप्यूटर में प्रोसेसर नहीं हैं। पुलिस टीम ने मुख्य आरोपी आफताब आलम को आईएमटी एरिया से 7 अगस्त को गिरफ्तार किया था। अदालत में पेश कर 6 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया। आरोपी से रिमांड के दौरान 38 कंप्यूटर के प्रोसेसर और 89 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। आरोपी से पूछताछ में सामने आया कि वह प्रोसेसरों को दिल्ली के नेहरू प्लेस के दुकानदार मुकेश और सुधीर को बेचता था। जिसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी मुकेश को दिल्ली की जेजे कॉलोनी से 13 अगस्त को गिरफ्तार कर 9 प्रोसेसर बरामद किए। जिसे 14 अगस्त को जेल भेज दिया गया था। वहीं, आरोपी सुधीर को 14 अगस्त को बिहार के चंपारण जिले से पुलिस ने गिरफ्तार किया। शनिवार को आरोपी सुधीर को फरीदाबाद लाया गया। आरोपी सुधीर से 70 प्रोसेसर बरामद करने के लिए अदालत में पेश कर 4 दिन की रिमांड पर लिया गया है। वहीं आरोपी आफताब को भी दोबारा से 4 दिन की रिमांड पर लिया गया। आरोपी आफताब ने बताया कि उसने 22 कंप्यूटर प्रोसेसर को अलग अलग ग्राहकों को 3500-3500 रुपये में बेच दिया था।