फरीदाबाद। कोरोना के बाद ब्लैक फंगस के मरीजों में लगातार इजाफा हो रहा है। रविवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर ब्लैक फंगस के दो नए मामलों की पुष्टि की गई। इन्हें मिलाकर जिले में कुल मामलों की संख्या बढ़कर 97 हो गई है। इनमें से 8 की मौत हो चुकी। जबकि 33 स्वस्थ हो चुके हैं और 44 का इलाज जारी है। स्वास्थ्य विभाग अधिकारियों ने बताया कि कोविड अस्पताल ईएसआइसी मेडिकल कॉलेज में सबसे ज्यादा 22 मरीजों का इलाज चल रहा है। इसके अलावा एशियन अस्पताल में 9, फोर्टिस अस्पताल में 3, मेट्रो अस्पताल व एसएसबी अस्पताल में दो-दो और सर्वोदय अस्पताल में छह मरीजों की इलाज जारी है। ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल व मेट्रो अस्पताल में तीन-तीन और फोर्टिस अस्पताल में फंगस के एक संदिग्ध मरीज का भी इलाज चल रहा है। पांच मरीज बिना इलाज के चले गए हैं। डॉक्टरों ने कहा कि इसे मेडिकल भाषा में लामा कहा जाता है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रणदीप सिंह पुनिया ने कहा कि नए मामलों के साथ ठीक होने वाले मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है। चार दिन से एक भी फंगस के मरीज की मौत नहीं हुई है।