संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। नंदीग्राम गोशाला में सोमवार सुबह 20 गायों की मौत के बाद से अब तक दो और गोवंश मर गए हैं। दोनों गोवंश की मृत्यु के बाद सोमवार सुबह से अब तक मृत गोवंशों की संख्या 22 तक पहुंच गई है। पशु चिकित्सकों की टीम ने गोवंश द्वारा खाये चारे के दो सैंपल लिए थे। गोशाला में गोवंशों के लिए चारे में सोयाबीन और भूसा आया था। सोमवार सुबह नंदीग्राम गोशाला में 20 गोवंश मृत मिले थे। इसके अलावा 10 गोवंश गंभीर स्थिति में थे। बुधवार को यह संख्या बढ़कर 22 हो गई है। सभी मरे हुए गोवंश को पुलिस की मौजूदगी में दफना दिया गया है। पशु चिकित्सकों की टीम ने मरे हुए गोवंश के खून के सैंपल और अंगों से कुछ सैंपल को जांच के लिए मधुबन प्रयोगशाला केंद्र पर भेजा गया है। इसके अलावा मरे हुए गोवंश के चारे से सोयाबीन की बड़ी और भूसे के सैंपल लिए गए हैं। इन सभी जांच की रिपोर्ट करीब 20 दिनों के बाद आने की उम्मीद है। संवाद