- घर पर हमला करने आए थे आरोपी, केस दर्ज करके जांच में जुटी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर 58 थाना इलाके के गांव बिनजेपुर में उधार का सामान देने से मना करना एक दुकानदार को भारी पड़ गया। आरोप है कि हमलावरों ने उसके घर में घुसकर 2 लाख रुपये लूट लिए। पुलिस ने केस दर्जकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। बिनजेपुर निवासी अलिजान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी गांव में ही किरयाना की दुकान है। 14 अप्रैल शाम करीब 7 बजे गांव का ही एजाज नामक का युवक खाने-पीने का सामान खरीदने दुकान पर आया और उधार का सामान मांगने लगा। एजाज पर पहले ही तीन हजार रुपये का उधार बकाया है। दुकानदार ने कहा कि पिछला पैसा दिए बिना उधार में सामान नहीं मिलेगा। इस पर आरोपी ने हाथापाई शुरू कर दी। मौके पर मौजूद आसपास के लोगों ने किसी तरह मामला शांत करा दिया। आरोप है कि कुछ देर बाद एजाज, अब्दुल, रुबीन, जुबेर, हासिन, नावेद, मकसूद, सहिम, अलताब, फारुख आदि के साथ दुकानदार के घर पर आ धमके और लाठी-डंडों से उसकी पिटाई कर दी। जाते समय आरोपी घर से 2 लाख रुपये भी लूटकर ले गए। सेक्टर-58 थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।