फरीदाबाद। खेड़ी पुल थाना क्षेत्र के ग्रेटर फरीदाबाद स्थित अमृता अस्पताल में करंट लगने से फायर अधिकारी व पलंबर की मौत हो गई। मृतकों की पहचान में गांव ननदौर मऊ यूपी निवासी प्रदीप (40) और गांव दयानतपुर जेवर यूपी निवासी जगत (42) के रूप में हुई है। मृतक प्रदीप फिलहाल बदरपुर बॉर्डर व जगत भारत कालोनी में रह रहा था। प्रदीप निर्माणाधीन अस्पताल में फायर सेफ्टी अधिकारी व जगत प्लंबर के तौर पर कार्यरत था। शनिवार को हुई बरसात के कारण इमारत में जगह-जगह पानी भर गया था। सीलन के चलते एक कमरे में करंट आ रहा था। दोनों किसी काम के लिए कमरे में गए। जैसे ही उन्होंने दीवार को छुआ, उन्हें करंट लग गया। इससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। अन्य कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दोनों का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिए हैं।