नूंह हिंसा के बाद अस्थायी तौर पर बंद की गई थी सेवा
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। नूंह हिंसा के बाद बृहस्पतिवार को दो बसों को सोहना रूट पर चलाया गया। दो दिनों से डिपो से सोहना और नूंह रूट पर रोडवेज की बसों को बंद किया हुआ था।
डीआई भागीरथ शर्मा ने बताया कि नूंह हिंसा की वजह से 31 जुलाई की रात से सोहना और नूंह रूट पर चलने वाली सभी बसों को अस्थायी तौर पर बंद कर दिया गया था जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बृहस्पतिवार को भी काफी संख्या में सोहना के यात्री होने की वजह से उन्होंने दोपहर बाद दो बसों का संचालन शुरू किया, एक बस वाया पाली धौज होकर चलाई गई, दूसरी बस सिरमथला होकर सोहना के लिए चलाई गई।
बदरपुर बॉर्डर के लिए शुरू हुई सिटी बस सेवा
बुधवार सुबह बदरपुर बॉर्डर पर विश्व हिंदू परिषद ने टोल रोड को जाम कर सड़क पर प्रदर्शन किया था जिसके चलते रोडवेज की बसों को फ्लाईओवर के ऊपर से निकाला। वहीं, सिटी बस सेवा को पूर्ण तय से बंद कर दिया गया। बृहस्पतिवार को माहौल ठीक होने के बाद बंद सेवा को दोबारा से शुरू कर दिया गया। सिटी बस के इंचार्ज राजेंद्र खटाना का कहना है कि अब बदरपुर बॉर्डर पर कोई परेशानी नहीं है इसलिए बस सेवा शुरू कर दी है।