फरीदाबाद। क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 की टीम ने देसी कट्टा रखने और उसे बेचने के आरोप में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 25 जुलाई को पहले आरोपी गोच्छी निवासी रोहित (24) को जीवन नगर पार्ट-2 क्षेत्र से पकड़ा। तलाशी में उसके कब्जे से अवैध देसी कट्टा बरामद हुआ। पूछताछ में रोहित ने बताया कि उसने हथियार अपने दोस्त फिरोज से 6,500 रुपये में खरीदा था। इसके बाद पुलिस ने फिरोज को मुजेसर फाटक के पास से गिरफ्तार कर लिया। रोहित को अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया, जबकि फिरोज को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार 25 जुलाई को क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 को सूचना मिली थी कि रोहित अवैध हथियार लेकर जीवन नगर पार्ट-2 क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे काबू किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से देसी कट्टा बरामद हुआ। इसके बाद थाना मुजेसर में शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। ब्यूरो