- पूछताछ के लिए लेकर जाएगी पुलिस, अन्य मामलों का हो सकता है खुलासा
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। राजस्थान से चोरी किए ट्रक फरीदाबाद में लाकर काटने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने राजस्थान से चोरी हुए ट्रक लाकर काटने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब आरोपियों को राजस्थान लेकर जाएगी। इस दौरान कई बड़े मामलों का खुलासा हो सकता है।
सूरजकुंड थाना पुलिस ने 10 दिन पहले अनंगपुर गांव में चल रही एक टीन शेड में कंपनी में छापा मारा था। इस दौरान कंपनी के अंदर का नजारा देखकर पुलिस हैरत में रह गई थी। पुलिस ने कंपनी से चोरी के कट रहे दो ट्रक बरामद किए थे, लेकिन आरोपी भागने में कामयाब रहे। इस दौरान पुलिस टीम ने कबाड़े में लोड किया गया कैंटर व ट्रक के इंजन समेत अन्य पार्ट्स के साथ दो ट्रक की केबिन भी बरामद की थी। आसपास लोगों ने बताया कि गोदाम नरेंद्र उर्फ निन्दे का है, जो अनंगपुर गांव का निवासी है।
राजनीतिक पहुंच होने के कारण नहीं होती कार्रवाई
लोगों ने बताया कि गोदाम मालिक नरेंद्र की सत्तारूढ़ पार्टी में मंत्री-विधायकों के बीच अच्छी पैठ है। राजनीतिक पहुंच के कारण कोई भी अधिकारी जल्दी उस पर हाथ नहीं रखता है। जिसके दम पर वह धंधे में लगा हुआ था। इस गोदाम में आरोपी चोरी के वाहनों को लाकर काटकर रात के समय लोढ कर ले जाते थे। पुलिस ने मौके से राजस्थान नंबर के ट्रक का इंजन, कुछ पार्ट्स, नंबर प्लेट और दूसरे ट्रक पर स्काईवुड रोड लाइन प्राइवेट लिमिटेड लिखा हुआ बरामद किया था। इस नंबर के आधार पर ट्रक मालिक की पहचान 9 मई को हुई थी जबकि दूसरे ट्रक के बारे में बुधवार को पता चल गया। दूसरा ट्रक भी राजस्थान से ही चोरी करके लाया गया था। पुलिस ने मामले में नरेंद्र, साहुन और आबिद को गिरफ्तार किया है। साहुन गांव धौज का रहने वाला है, जबकि आबिद टीकरी खेड़ा गांव का रहने वाला है। ये तीनों राजस्थान के शाकिर से चोरी के ट्रक सस्ते दामों में खरीदते थे और फिर उन्हें काट कर बेचते थे।