संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। नेशनल हाईवे बाटा फ्लाईओवर पर करीब 300 खाली गैस सिलेंडर से भरा ट्रक पलट गया। पुलिस के अनुसार ट्रक का टायर फटने से यह घटना हुई। हादसे में कोई जान माल का नुकसान नहीं हुआ है, लेकिन हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ।
दिल्ली स्थित निर्मल गैस एजेंसी का ट्रक शाम चार बजे 306 खाली सिलेंडर लेकर प्याला बल्लभगढ़ जा रहा था। ट्रक जैसे ही नेशनल हाईवे बाटा फ्लाईओवर के ऊपर पहुंचा। तभी ट्रक का अगला टायर फट गया, जिससे ट्रक फ्लाईओवर के ऊपर लगी ग्रिल को तोड़ता हुआ दूसरी साइड में जाकर पलट गया। ट्रक जिस पलटा उस समय पलवल से दिल्ली की ओर फ्लाईओवर के ऊपर कोई भी वाहन नहीं आ रहा था। इस वजह से कोई भी जान माल को नुकसान नहीं हुआ है। चौकी इंचार्ज कर्मवीर का कहना है कि हादसे की वजह से फ्लाईओवर के ऊपर यातायात धीमा हो गया था। हालांकि, लोगों की सुविधा के लिए ट्रक को दो जेसीबी की मदद से जल्द से जल्द उठाने की कोशिश की गई। ट्रक पलटने की वजह से पेट्रोल लीक हो गया था। इसलिए ट्रक को उठाने के बाद पानी का छिड़काव भी किया जाएगा।