व्यापारी से लूट करने वाले धरे
फरीदाबाद। क्राइम ब्रांच सेक्टर-65 ने बल्लभगढ़ में एक किराना की दुकान चलाने वाले व्यापारी से लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से लूट के करीब 70 हजार रुपये भी बरामद किए हैं। व्यापारी से एक लाख 90 हजार रुपये लूटे थे। आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदर्श नगर निवासी सुनील उर्फ छोटू और विक्की के रूप में हुई है। आरोपियों ने 24 अगस्त 2020 को रात करीब साढ़े नौ बजे थाना शहर बल्लभगढ़ इलाके में किराना स्टोर चलाने वाले एक व्यक्ति से एक लाख 90 हजार रुपये लूट लिए थे। आरोपियों के खिलाफ थाना शहर में मामला दर्ज किया गया। क्राइम ब्रांच 65 की टीम ने आरोपियों को शनिवार को धर दबोचा। नकदी लूटने के लिए उन्होंने रेकी की और जब वह रुपयों से भरा थैला लेकर स्कूटी से घर की तरफ जा रहा था तो उसे रास्ते में रुकवा लिया और थैला लेकर फरार हो गए थे। संवाद