संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सैनिक कालोनी चौक पर रविवार तड़के टाइलों से भरा ट्रक पलट गया। इससे उसमें आग लग गई। ट्रक चालक व परिचालक समय रहते बाहर निकल आए। किसी को कोई चोट नहीं आई है। घटना के दौरान सड़क पर ज्यादा ट्रैफिक नहीं था। घटना रविवार तड़के चार बजे की है। ट्रक राजस्थान से फरीदाबाद आ रहा था। चालक के मुताबिक ट्रक सैनिक कालोनी चौक के निकट पहुंचा तो ब्रेक का पंप फट गया। इससे ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। पलटने के बाद उसमें आग लग गई। सूचना पाकर डायल 112 की टीम ईआरवी लेकर मौके पर पहुंच गई। फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी ने मौके पर जाकर आग बुझाई।