फरीदाबाद। कोरोना संक्रमण के बाद जिला स्वास्थ्य विभाग के लिए ब्लैक फंगस चिंता का सबब बन गया है। लगातार मामलों में बढ़ोत्तरी हो रही है। शनिवार को जिले में तीन नए मरीज ब्लैक फंगस पीड़ित मिले। जिले में ब्लैक फंगस के कुल मरीजों की संख्या 95 तक पहुंच गई है। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से जारी आंकड़ों के अनुसार इनमें से 35 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। जबकि आठ की मौत हो चुकी है। इनमें से चार स्थानीय और चार दूसरे जिलों के थे। फिलहाल 39 मरीजों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज जारी है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज में सबसे अधिक 20 मरीज भर्ती हैं। एशियन अस्पताल में 8 मरीजों का, फोर्टिस अस्पताल में 3 मरीजों का, सर्वोदय अस्पताल में 6 मरीजों का व मेट्रो अस्पताल में 2 मरीजों का इलाज जारी है। इसके अलावा नौ मामले ऐसे भी हैं जो संदिग्ध बने हुए हैं। उनमें ब्लैक फंगस से जुड़े लक्षण मिले हैं। सभी का सैंपल जांच के लिए भेजा गया है। कल्चर रिपोर्ट आने पर ही पुष्टि होगी कि मामले ब्लैक फंगस के हैं के नहीं। हालांकि उन्हें ब्लैक फंगस संदिग्ध मान कर ही इलाज दिया जा रहा है।