पिनगवां। थाना क्षेत्र के एक गांव से तीन सगी बहनों के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। इनमें से एक युवती बालिग है, जबकि दो नाबालिग हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लड़कियों के चाचा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 18 अक्तूबर को रात करीब 3 बजे तीनों बिना किसी को बताए घर से निकली। उस समय परिवार के सभी सदस्य अपने कमरों में सो रहे थे। तीनों ने अपनी मां के करीब 3 लाख रुपये के सोने के जेवर और संदूक में रखे लगभग 22 हजार रुपये अपने साथ ले लिए। इसके अलावा, वे एक मोबाइल फोन भी साथ लेकर गईं, जो बाद में बड़कली चौक के पास बंद हो गया। लापता लड़कियों में एक की उम्र 21 साल, दूसरी की 17 साल और तीसरी की 15 साल है। जांच अधिकारी कल्याण सिंह का कहना है कि लड़कियों के पास जो फोन था उसकी सीडीआर निकलवाई जा रही है। कोशिश है कि जल्दी ही लड़कियों की तलाश कर बरामद कर लिया जाएगा। ब्यूरो