पुलिस ने 1260 किलोग्राम लोहा बरामद किया, कंपनी के चौकीदार से मिलकर की थी चोरी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-7 पुलिस टीम ने कंपनी से लोहा चोरी के मामले में कबाड़ी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 1260 किलोग्राम लोहा बरामद किया है। पूछताछ के बाद आरोपियों को अदालत में पेश किया। जहां से तीनों को जेल भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में विजय, बृजेश और शाहरुख शामिल है। सेक्टर-8 थाने में चोरी का मामला दर्ज किया गया था। बृजेश और विजय ने कंपनी चौकीदार के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। कंपनी से लोहे की रॉड चोरी की गई। इस मामले में पुलिस ने पहले बृजेश को गिरफ्तार किया था। उसको तीन दिन पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की। जिसके बाद पुलिस ने विजय और शाहरुख को भी गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने चोरी का सामान कबाड़ी शाहरुख को बेचा था। पूछताछ में सामने आया कि बृजेश ठेकेदार है। वह कंपनी को चौकीदार उपलब्ध करवाता है। विजय पहले कंपनी में काम करता था लेकिन चोरी करते पकड़े जाने पर दो महीने पहले नौकरी से निकाल दिया गया था। उसने मौका देखकर कंपनी में चोरी की घटना को अंजाम दिया। पूछताछ के बाद तीनों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया। पुलिस कंपनी के चौकीदार की तलाश कर रही है।